राज्यपाल ने पुलिस लाईन में आयोजित रैतिक परेड़ की सलामी ली

देहरादून-राज्य स्थापना दिवस पर राज्यपाल डाॅ. कृष्ण कांत पाल ने पुलिस लाईन में आयोजित रैतिक परेड़ की सलामी ली। राज्यपाल ने सराहनीय कार्य करने पर पुलिस अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक व पुलिस पदक से सम्मानित किया। राज्यपाल डाॅ. के.के.पाल व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा प्रकाशित पत्रिका का भी विमोचन किया।इस अवसर पर राज्यपाल ने राज्य निर्माण के सभी ज्ञात-अज्ञात, अमर शहीदों व आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए राज्यवासियों को राज्य स्थापना के 17 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उत्तराखण्ड में दूसरे राज्यों की तुलना में अपराध बहुत कम हैं। इसके लिए राज्य के शांतिप्रिय नागरिक बधाई के पात्र हैं। राज्यपाल ने कहा कि विगत 17 वर्षों में उत्तराखण्ड ने अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। बार-बार प्राकृतिक आपदाओं के बावजूद उत्तराखण्ड वासियों की दृढ़ संकल्प शक्ति से राज्य ने अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। आज उत्तराखण्ड देश के अग्रणी राज्यों में शुमार हो चुका है। इन वर्षों में हमने कई उपलब्धियां हासिल की हैं, तो बहुत सी चुनौतियां भी हैं। जीडीपी व प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि का लाभ गरीबों, वंचितों, किसानों तक पहुंचाना है। सच्चे मायनों में विकास के लिए शहर-गांव, उद्योग-खेती के बीच के गैप को दूर करना होगा। इस दिशा में सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण पहलें की हैं। पहाड़ के गांवों को आर्थिक दृष्टि से उन्नत बनाने के लिए समर्पित प्रयासों की आवश्यकता है। डिजीटल उत्तराखण्ड के तहत ई-गर्वनेंस के लिए देवभूमि जनसेवा व ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। सार्वजनिक वितरण प्रणाली का भी पूर्ण
कम्प्यूटरीकरण किया जा रहा है। सभी पी.डी.एस. की दुकानों पर कैश लैस भुगतान के लिए पी.ओ.एस. मशीन स्थापित की जा रही हैं। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान देश-दुनिया में देवभूमि के रूप में है। हमें इस पहचान को बनाए रखना है। महत्वाकांक्षी नमामि गंगे अभियान की सफलता उत्तराखण्ड की सक्रिय भूमिका के बिना सोची भी नहीं जा सकती है। राज्य में स्वच्छता अभियान की पहल को भारत सरकार द्वारा बेस्ट प्रेक्टीसेज का दर्जा दिया गया है। राज्य सरकार ने मार्च 2018 तक सभी नगर क्षेत्रों को भी ओ.डी.एफ. बनाने का लक्ष्य रखा है। हम सभी को सभ्य नागरिक की जिम्मेवारी को समझते हुए इसमें भागीदारी निभानी होगी।   रैतिक परेड़ की प्रथम कमाण्ड वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  निवेदिता कुकरेती, द्वितीय कमाण्ड सहायक पुलिस अधीक्षक  लाकेश्वर कुमार द्वारा की गई। जबकि पुलिस उपाधीक्षक  अभय सिंह परेड़ एडजुटेन्ट थे। इस अवसर पर कृषि मंत्री  सुबोध उनियाल, खेल मंत्री  अरविंद पाण्डे, उच्च शिक्षा मंत्री  धन सिंह रावत, महिला कल्याण मंत्री  रेखा आर्या, सांसद  माला राजलक्ष्मी  शाह, मेयर  विनोद चमोली, विधायकगण, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, अन्य अधिकारी व गणमान्य उपस्थित थे।

Comments

Popular posts from this blog

गुमखाल में कार खाई में गिरी तीन की मौत

बद्रीनाथ दर्शन कर लौटे रहे श्रद्धालु की कार खाई में गिरी दो घायल

गोचर में खाई में गिरने से हुई बुजुर्ग की मौत